Wednesday, 25 April 2012

हौसला


मुर्दों की बस्ती में
जीवन तलाश रहा हूँ
नंगे हाथों से
पत्थर तराश  रहा हूँ.

मेरे हाथ लहूलुहान हैं
मूझे गम नहीं है
मेरा हौसला यारों
मगर कम नहीं है.

अपने हौसलों से
मुर्दों में जान फुकुंगा
जब तक सफल नहीं होता
तब तक नहीं रुकुंगा

तपती दुपहरी है
सामने सहरा है
जुबां पर भी मेरे
हुकूमत का पहरा है.

पावों में छाले हैं
ओठ प्यासे हैं
हाकिमों के पास
झूठे दिलासे  है .

हर कदम पे सफलता की
नई इबारत लिखूंगा
बीच राहों में मगर
नहीं कभी रुकूंगा.
.......... नीरज कुमार 'नीर' 

Sunday, 8 April 2012

“रुखसार”



तीर कमान सी भवें तेरी
नैन तेरे कटार
तेरी अदा पे मर गया नीरज
शाहे गुल रुखसार
मेरे चमन की फूल हो तुम
करता हूँ इकरार
तेरी एक हसीं से जानम
आ जाती है बहार
सुर्ख गुलाबी होठ तुम्हारे
ले गए चैन करार
तेरा आंचल जब लहराए
बहे वासंती बयार .
तेरी अदा पे मर गया ‘नीरज’
शाहे –गुल रुखसार.
................. नीरज कुमार 'नीर'

हर्ष और विषाद


सूखे खेतों की दरारें,
और किसानो के फटें होठ,
बता रहें है की दोनों को,
बहुत दिनों से नमी नसीब नहीं .

छप्पर वाले घर से निकलता धुआं
आज कई दिनों बाद
उस घर में जला है चूल्हा

उस घर के मालिक की
भुखमरी से मौत हुई है आज
आज ही, सरकार ने दिया है अनाज.
.....................   नीरज कुमार 'नीर'

Thursday, 29 March 2012

“सम्मान”



काम गीदड़ सी करते हो,
ख्वाब शेरों सी रखते हो.
ये मुमकिन नहीं हैं, यारों,
ये कैसी बात करते हो.

क्षुद्र माया के फेर में
बेच दिया सम्मान,
घुटनों के बल रेंगकर, भी
निकालना चाहते हो काम.

ऊपर उठने कि खातिर
मन से ऊपर उठना होगा
कांटे अगर मिले राहों में,
हंसकर उनको सहना होगा.

तरक्की के लिए
त्याग जरूरी है,
अगर मन में हो विश्वास
नहीं कोई मजबूरी है. 
.......... नीरज कुमार 'नीर'

“प्रयत्न”



नभ के नीले आंगन में,
विचर रहा एक मेघ –खंड ,
आवृत करने रवि पुंज को
कर रहा उद्यम.

सहकर उष्णता का उत्ताप
गगन के विस्तार को रहा माप .
वेध रही तीक्ष्ण किरणें रवि की,
पर आतुर बांधने को रवि का प्रताप.

देखो! प्रमिलित हुआ रवि ,
सफल हुआ मेघ का उद्यम
दिल में लगन हो सच्ची अगर
निष्फल नहीं होता प्रयत्न .
....... नीरज कुमार 'नीर'

Thursday, 15 March 2012

“हुस्न”

बला का हुस्न
और बल खा के चलना .
तितलियों सा रंग
ऐ दिल जरा संभलना .
बला का हुस्न
और बल खा के चलना.
मेरी जान ले लेंगी ,
अदाएं कातिलाना .
जुल्फों का यूँ झटकना
नैनों का यूँ मटकना .
बला का हुस्न
और बल खा के चलना.
बच के रहना ऐ दिल, 
हुस्न घाव देता है .
किसी को दर्द देता है ,
किसी कि जान लेता है.
......... नीरज कुमार 'नीर'

Friday, 9 March 2012

कृषक




 अमिय, सुधा उपजाने वाला
नित्य हलाहल पीता है,
देख! कृषक भारत का
किस हाल में जीता है.
ओजहीन मुख गाल धसा है,
वक्ष के नीचे 
पेट फंसा है.
वस्त्र फंटे हैं
बालों में तेल नहीं
यह व्यवस्था का दोष है
विधाता का कोई खेल नहीं.
खेतों की  दरारें
कृषक के पांव तक
बढ़ गयी है
उसके पैरों में भी
देखो! बिवाई पड़ गयी है.
चूल्हे में धूम नहीं
खुशियाँ गुम कहीं ,
कभी दुर्भिक्ष, कभी बाढ़
का भय होता है .
अमिय, सुधा उपजाने वाला
नित्य हलाहल पीता है,
देख! कृषक भारत का
किस हाल में जीता है.
पेट भरने वाले
भूखे पेट सोते हैं,
जठरानल में जलते बच्चे
आधी रात को रोते हैं.
सूख गए खेतों में बिचड़े
उगने से पहले
मिट गए उसके भी सपने
पलने से पहले
बहुत मजबूर होकर
किसी हाल में जीता है
हारकर ही वह
कर्ज का विष पीता है.
****
कौन लटका है उधर
पीपल के पेड़ पर
गले में फन्दा डालकर
लो सो गया वह
चिर निद्रा में निडर
पीपल की  छांव में
अब नहीं सताएंगी उसे
आए, कोई भी विपत्ति
चाहे उसके गांव में.
.....नीरज कुमार 'नीर'

Thursday, 8 March 2012

बुरा मान गए

वो  सोते रहे उम्र भर फूलों की सेज पर,
हमने बस फूलों की बात की तो बुरा मान गए .
उन्हें तरस नहीं आता मेरे हालात पर ,
लेकिन हम उनकी खुशी में ना हँसे, तो बुरा मान गए .
हम रोते रहे उनकी छोटी सी चोट पर,
पर जो अपने घाव दिखाए तो बुरा मान गए.
चाँद , सितारे, कलियाँ , फूल सब तुम्हारे लिए,
हमने काँटों से दिल लगाया तो बुरा मान गए
फूलों की खुशबू पर सभी का हक है ,
हमने बस फूलों को निहारा तो बुरा मान गए .
चाँद तारों  की कहाँ थी ख्वाहिश हमे,
एक टुटा सा तारा चाहा, तो बुरा मान गए .
ज़माने की सारी खुशियाँ थी उनके वास्ते
हमने अपने जीने की वजह मांगी तो बुरा मान गए.
............ नीरज कुमार नीर 

होली

कौन रंग की चुनरी सजनियां
कौन रंग की चोली
आजा तुझको रंग लगा दूँ
आई देखो होली .

--
लाल रंग की चुनरी सजनवां
हरी  रंग की चोली,
आजा मुझको रंग लगा दे
आई देखो होली.
--
कौन गांव की चुनरी सजनियां
कौन ठांव की चोली ,
आजा तुझको रंग लगा दूँ
आई देखो होली .
--
वृन्दावन की चुनरी सजनवां
गोकुल धाम की चोली
आजा मुझको रंग लगा दे
आई देखो होली.
--
तीन गज की चुनरी तेरी
पांच गज का लंहगा,
कैसे रंग लगाऊं इनमे
कि रंग हुआ बड़ा मंहगा .
--
चार टके  की चाकरी तेरी
तू बाबु सरकारी,
तेरे बस की बात बलमुआ
बस दाल , भात, तरकारी .
लाख टके  का यौवन मेरा
उसपर आई होली
तेरी बातें नीम सी कड़वी
लगती बोली गोली.

Saturday, 25 February 2012

आवारा मिलंद

मंद-मंद मकरंद मधुर,
ले रहा आनंद.
नव , नवीन, नूतन, नवल,
प्रिय विभा के संग.
पुष्प पुट में बैठ अलि,
छेड़ रहा तरंग.
हे प्रिय रसवदना,
रहूँ मैं तेरे संग.
जा रे जा अली बावरे
करो ना मुझको तंग.
मैं कुमुद सुकुमारिनी,
तू आवारा मिलंद.
दूर देश से आया हूँ
पाकर तेरा गंध
यूँ ना दूर हटाइए
तोड़ कर सम्बन्ध .
मैं प्यारी किसी और की
और ही मेरो बंध,
मैं तो सजूंगी हार में,
मुझको प्रिय मुकुंद .
जा भ्रमर घर आपने
भ्रमरी तेरो नन्द.
मैं माया मोहिनी,
मोसो का सम्बन्ध.
मंद मंद मकरंद मधुर,
ले रहा आनंद.
नव , नवीन, नूतन, नवल
प्रिय विभा के संग.

Wednesday, 22 February 2012

भारत दुर्दशा


मैं भी गीत सुना सकता हूँ,
तरुणी की तरुणाई का .
मैं भी गीत सुना सकता हूँ ,
यौवन की अंगडाई का .
लेकिन गीत सुनाने आया ,
भारत माँ के क्रंदन का,
लेकिन गीत सुनाने आया,
अबलाओं के रुदन का .

चोर सिपाही बन बैठे
शासन अट्ठाहस करे
लाशो पर भी पैसे लेते
क्या बेचारी लाश करे

भारत माता नंगी होती
पेंटिंग के बाज़ार में
उनको ही संरक्षण मिलता
सेकुलर सरकार में .

मुंबई के हमलावर,
विशिष्ट सुरक्षा पाते हैं .
बैठ छाती पर हमारे,
खीर मलाई खाते हैं .

नए भारत का नया शासक,
अंग्रेजो का बाप हुआ .
गेरुआ पहनना अब भारत में ,
सबसे बड़ा पाप हुआ .

वही सुरक्षा लेकर चलता,
सबसे बड़ा जो अपराधी है .
वही शासन की कुर्सी पर बैठा ,
दंड का जो भागी है .

पहले जो नहीं हुआ,
आज वही सब होता है ,
देख भारत की दुर्दशा ,
‘नीरज’ का दिल रोता है.

कब तक जुल्म सहेगी माता,
बच्चों तुम्हे पुकार रही,
बड़ी आस लगी है तुमसे,
माता तुम्हे निहार रही .

चंद्रशेखर , राजगुरु के
बलिदानों को याद करो ,
अब लड़ने की बारी आई,
अब ना तुम फ़रियाद करो .

छोड़ अहिंसा शस्त्र उठाना,
अब तो मजबूरी हैं,
असुरों का संहार करना,
अब तो बहुत जरूरी है.

अगर क्षत्रिय हो तो ,
सत्य के लिए,
लड़ना स्वीकार करो .
या भीष्म की भांति ,
शिखंडी के हाथों ,
मृत्यु अंगीकार करो .

जागो –जागो मातृ  शक्ति,
तुम्हे जगाने आया हूँ ,
महिषासुर संहार की,
याद दिलाने आया हूँ.

भ्रष्ट, भ्रष्टतर और भ्रष्टतम ,
शासन का व्यवहार हुआ ,
भ्रष्टाचार ही इस व्यवस्था में ,
सबसे बड़ा शिष्टाचार हुआ .

कब तक यूँ ही जुल्म सहोगे ,
जुल्म मिटने के लिए ,
जुल्म का प्रतिकार जरूरी है .
भ्रष्टाचार के खिलाफ ,
लोकपाल का हथियार जरूरी है .

घर से बाहर तक देखो,
हर तरफ यह चर्चा है,
जिसे देखो बाँट रहा ,
लोकपाल का परचा है .
नीरज कुमार'नीर'
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...